रायपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छत्तीसगढ़ में 10 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाएगी। अभियान के तहत प्रदेशभर के करीब 3 हजार स्थानों पर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इन आयोजनों में मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे।
राष्ट्रीय भाजपा संगठन के निर्देश पर देशभर में हर घर तिरंगा अभियान संचालित किया जाएगा। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ भाजपा ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। अभियान के सफल संचालन के लिए प्रदेश स्तर पर एक समिति का गठन किया गया है, जिसकी जिम्मेदारी यशवंत जैन को संयोजक के रूप में सौंपी गई है। वहीं जिला स्तर पर भी समितियों का गठन किया जा रहा है। पार्टी ने सभी जिलों को 31 जुलाई तक बैठकें पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
476 मंडलों पर रहेगा विशेष फोकस
भाजपा इस अभियान के दौरान प्रदेश के 476 मंडलों पर विशेष फोकस करेगी। प्रत्येक मंडल में प्रमुख तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जबकि अन्य स्थानों पर भी विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राजधानी रायपुर सहित सभी जिलों में बड़े स्तर पर आयोजन की तैयारी की जा रही है।
सीएम साय भी होंगे शामिल
रायपुर समेत प्रदेश के कई प्रमुख शहरों में आयोजित तिरंगा यात्राओं में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे। पार्टी का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनभागीदारी बढ़ाना और हर घर तक तिरंगे के सम्मान का संदेश पहुंचाना है।





