रायपुर।
छत्तीसगढ़ में आज कई महत्वपूर्ण सरकारी और प्रशासनिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य में पहली बार ‘महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान’ की शुरुआत होगी। वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ‘बस्तर पंडुम-2026’ के विजेताओं और पारंपरिक जनजातीय प्रतिनिधियों का सम्मान करेंगी। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल दोपहर में अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विभाग की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी देंगे।
आज से शुरू होगा महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित होकर छत्तीसगढ़ सरकार आज से ‘महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान’ की शुरुआत करेगी। इसका राज्य स्तरीय शुभारंभ बालोद जिले में होगा। अभियान में महतारी वंदन योजना की करीब 2.45 लाख हितग्राही महिलाएं अपने घरों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सार्वजनिक स्थानों पर पौधारोपण करेंगी। पौधा लगाने के बाद सेल्फी पोर्टल पर अपलोड करने वाली महिलाओं को डिजिटल प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ना है।
राष्ट्रपति मुर्मु करेंगी बस्तर पंडुम-2026 के विजेताओं का सम्मान
आज बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक नेतृत्व व्यवस्था को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष सम्मान मिलेगा। ‘बस्तर पंडुम-2026’ के विजेता एवं बस्तर के पारंपरिक प्रतिनिधि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात करेंगे, जहां उनका सम्मान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में 164 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति भवन पहुंचेगा। प्रतिनिधिमंडल में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल सहित परगना मांझी, मांझी, चालकी और पद्मश्री सम्मानित विभूतियां शामिल होंगी। इस अवसर पर राष्ट्रपति भवन में विशेष भोज का भी आयोजन किया गया है। यह आयोजन बस्तर की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक नेतृत्व प्रणाली को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री की अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस आज
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल आज दोपहर 1 बजे नया रायपुर स्थित संवाद ऑडिटोरियम में महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। प्रेसवार्ता में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। मंत्री विभागीय योजनाओं, उपलब्धियों, स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी साझा करेंगे।





