September 7, 2026

Chhattisgarh Education News: ATKT विद्यार्थियों को बड़ी राहत, पांचवें सेमेस्टर में सशर्त मिलेगा प्रवेश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्नातक प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर में ATKT के कारण तीसरे वर्ष में प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार ने ऐसे विद्यार्थियों को अकादमिक सत्र 2026-27 के पांचवें सेमेस्टर में सशर्त प्रावधिक प्रवेश देने की अनुमति दे दी है। उच्च शिक्षा विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।

उच्च शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश

उच्च शिक्षा विभाग के आदेश के मुताबिक, स्नातक प्रथम एवं द्वितीय सेमेस्टर में ATKT प्राप्त विद्यार्थियों के शैक्षणिक हित को ध्यान में रखते हुए उन्हें पांचवें सेमेस्टर में सशर्त प्रवेश दिया जाएगा।

हालांकि, विद्यार्थियों के लिए प्रथम एवं द्वितीय सेमेस्टर की ATKT परीक्षाओं में निर्धारित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा। यानी पांचवें सेमेस्टर में प्रवेश मिलने के बावजूद ATKT की शर्त पूरी करनी होगी।

NSUI के आंदोलन के बाद आया फैसला

ATKT के कारण तीसरे वर्ष में प्रवेश नहीं मिलने के मुद्दे को लेकर NSUI और पीआरएसयू अध्यक्ष पुनेश्वर लहरे के नेतृत्व में छात्रों की ओर से लगातार प्रदर्शन किया जा रहा था। सोमवार को भी NSUI नेताओं, कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने आंदोलन कर सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने मांग रखी थी।

छात्रों का कहना था कि ATKT के आधार पर विद्यार्थियों को थर्ड ईयर में प्रवेश से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। लगातार आंदोलन और छात्रों के विरोध के बीच राज्य सरकार ने विद्यार्थियों के हित में यह फैसला लिया है।

30 से 40 विद्यार्थियों को मिलेगा फायदा

NSUI नेता पुनेश्वर लहरे के अनुसार, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में आंदोलन की प्रमुख मांग यही थी कि ATKT वाले विद्यार्थियों को तीसरे वर्ष में प्रवेश से नहीं रोका जाए। उन्होंने दावा किया कि करीब 30 से 40 विद्यार्थी इस व्यवस्था के कारण प्रभावित हो रहे थे।

उन्होंने इसे छात्रों की बड़ी जीत बताते हुए आंदोलन में शामिल NSUI नेताओं, कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों को बधाई दी।