June 13, 2026

कथित गौमांस मामले के बाद धमतरी में अतिक्रमण हटाने पहुंचा बुलडोजर, स्थानीय लोगों ने किया विरोध

धमतरी। कथित गौमांस बरामदगी के मामले के बाद धमतरी में माहौल गरमा गया है। हिंदू संगठनों की मांग के बीच नगर निगम की टीम शनिवार को साल्हेवार पारा वार्ड के गाड़ापारा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पहुंची। बुलडोजर कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय लोगों ने विरोध जताया, जिससे कुछ समय के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल को हस्तक्षेप करना पड़ा। विरोध के चलते बुलडोजर की कार्रवाई कुछ देर के लिए रोक दी गई, हालांकि निगम अमले ने हथौड़ों और अन्य संसाधनों की मदद से अतिक्रमण हटाने का काम जारी रखा। पूरे घटनाक्रम के दौरान प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच तनातनी का माहौल बना रहा।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्हें पर्याप्त समय, उचित नोटिस और वैकल्पिक व्यवस्था दिए बिना उनके मकान हटाए जा रहे हैं। वहीं नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि संबंधित लोगों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे और कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।

नगर निगम के अनुसार क्षेत्र में करीब आठ मकानों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाना है। पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई जारी रही और फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

86 किलो पशु मांस मिलने के बाद बढ़ा विवाद

गौरतलब है कि 11 जून को हिंदू जागरण मंच ने पुलिस को सूचना दी थी कि साल्हेवारपारा वार्ड के गाड़ापारा क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा कथित रूप से गौमांस काटा जा रहा है। सूचना मिलने पर संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे, जहां एक व्यक्ति पशु मांस काटता दिखाई दिया। लोगों को देखकर वह मौके से फरार हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से करीब 86 किलो पशु मांस जब्त किया। मामले की जांच के लिए पशु चिकित्सा विभाग की टीम भी पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में पशु मांस बरामद होने की पुष्टि हुई है, लेकिन यह गाय का मांस है या किसी अन्य पशु का, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।

अधिकारियों के अनुसार मांस के नमूने जांच के लिए हैदराबाद स्थित प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही मांस की वास्तविक पहचान स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।