May 14, 2026

कोरबा न्यूज अपडेट: रील बनाने के दौरान दर्दनाक हादसा, अहिरन नदी में डूबने से युवक की मौत, वीडियो वायरल

रील बनाते समय नदी में डूबा युवक

कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत अहिरन नदी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां रील बनाने के दौरान 25 वर्षीय युवक निखिल सिंह की डूबने से मौत हो गई। यह पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दोस्तों के साथ नदी में पहुंचा था युवक

जानकारी के अनुसार, निखिल सिंह अपने तीन दोस्तों के साथ अहिरन नदी में नहाने के लिए गया था। इसी दौरान वह रील बनाने के उद्देश्य से नदी में छलांग लगाता है, जिसका वीडियो उसके दोस्त मोबाइल में रिकॉर्ड कर रहे थे।

पानी में फंसने के बाद भी नहीं समझ पाए दोस्त

छलांग लगाने के बाद युवक करीब तीन मिनट तक पानी में संघर्ष करता रहा और हाथ-पैर मारता रहा। लेकिन उसके दोस्त यह समझते रहे कि वह मजाक में तैर रहा है। इसी बीच निखिल गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। सबसे चिंताजनक बात यह रही कि इस दौरान किसी ने भी उसे बचाने के लिए तुरंत पानी में नहीं उतरा।

48 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना मंगलवार दोपहर की बताई जा रही है। हादसे के बाद दोस्तों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया।

लगभग 48 घंटे तक तलाशी अभियान जारी रहा, लेकिन शव नहीं मिला। बुधवार देर शाम रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया, लेकिन कुछ ही समय बाद मृतक का शव खुद ही पानी की सतह पर आ गया, जिसे बाद में बरामद कर लिया गया।

रेस्क्यू में संसाधनों की कमी का आरोप

स्थानीय जानकारी के अनुसार, NDRF टीम के पास पर्याप्त उपकरणों की कमी भी सामने आई, जिसके कारण खोज अभियान में कठिनाइयां आईं। इस कारण सर्च ऑपरेशन को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में भी दिक्कतें हुईं।

परिवार में कोहराम

मृतक निखिल सिंह, SECL कुसमुंडा में कार्यरत एक डंपर ऑपरेटर का पुत्र था। युवक की अचानक और दर्दनाक मौत के बाद परिवार में गहरा शोक व्याप्त है। परिजन इस हादसे से सदमे में हैं।