मुंगेली। नगर पंचायत जरहागांव क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा। कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
जानकारी के अनुसार, जनप्रतिनिधियों ने 11 मई को जरहागांव थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की थी। जनप्रतिनिधियों का कहना था कि अवैध शराब कारोबार के कारण क्षेत्र का सामाजिक वातावरण लगातार बिगड़ रहा है और इसका महिलाओं व युवाओं पर गलत प्रभाव पड़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया था कि पूर्व में शिकायत करने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्रवासी आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करेंगे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में थाना जरहागांव पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान नगर पंचायत क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की सूचना मिलने पर पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान ओमप्रकाश कश्यप, सुमित कश्यप, दीपक साहू, दीनदयाल कश्यप, धर्मेन्द्र कश्यप, लोरिक यादव, पुष्पेन्द्र कुमार उर्फ सोनू साहू, विकास कश्यप और विनोद कश्यप को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब बिक्री, नशाखोरी या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। इस कार्रवाई के बाद जरहागांव क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।




