May 13, 2026

मिक्की मेहता के भाई माणिक मेहता की संदिग्ध मौत, रायपुर के फ्लैट में मिला शव

रायपुर। चर्चित फिटनेस गुरु मिक्की मेहता के भाई माणिक मेहता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव मंगलवार दोपहर सरोना स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के एक फ्लैट में मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, भिलाई निवासी माणिक मेहता (56) पिछले एक साल से इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में किराए के फ्लैट में रह रहे थे और एक एनजीओ संचालित कर रहे थे। उन्हें सोमवार दोपहर आखिरी बार देखा गया था। इसके बाद से वे नजर नहीं आए।

मंगलवार को फ्लैट का दरवाजा खुला देख पड़ोसियों को संदेह हुआ। आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिलने पर वे अंदर गए, जहां माणिक मेहता किचन के वॉश बेसिन में सिर के बल गिरे हुए मृत मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि माणिक किचन में काम कर रहे थे और बर्तन साफ करने के दौरान अचानक गिर पड़े। हालांकि पुलिस मौत को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।

पुलिस ने माणिक मेहता का मोबाइल जब्त कर लिया है। मोबाइल से कुछ चैट भी मिली हैं, जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।