May 18, 2026

अमित शाह ने अमर वाटिका में शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस

जगदलपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अपने बस्तर प्रवास के दौरान सोमवार को जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचकर माओवाद के खिलाफ संघर्ष में शहीद हुए एक हजार से अधिक जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहे।

अमित शाह ने शहीद जवानों को नमन करते हुए कहा कि बस्तर की धरती पर शांति, सुरक्षा और विकास स्थापित करने में सुरक्षाबलों के जवानों का बलिदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों का त्याग कभी व्यर्थ नहीं जाएगा। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बस्तर में स्थायी शांति स्थापित करने, विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और माओवाद के समूल उन्मूलन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

इस दौरान अमित शाह ने बीजापुर नक्सली हमले में शहीद हुए जवान कालेन्द्र प्रसाद नायक और पवन कुमार मंडावी के परिजनों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने परिवारजनों के बीच बैठकर उनका दुख साझा किया और सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इसके साथ ही उन्होंने सुरक्षाबलों के जवानों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके साहस व समर्पण की सराहना की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि शहीद जवानों का बलिदान छत्तीसगढ़ कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीद परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अब शांति, विश्वास और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिसमें सुरक्षाबलों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण देव सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।