बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया एक युवक उस समय दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया, जब बच्चे को बचाने के प्रयास में वह डैम में डूब गया। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र के लछनपुर स्थित चचई डैम की है। मृतक की पहचान 20 वर्षीय धीरज रात्रे के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, जरहाभाठा क्षेत्र के करीब 10 से 15 युवक रविवार को पिकनिक मनाने चचई डैम पहुंचे थे। सभी युवक डैम के आसपास घूम रहे थे, तभी उन्होंने देखा कि एक बच्चा गहरे पानी में डूब रहा है। बच्चे को बचाने के लिए धीरज रात्रे ने बिना देर किए पानी में छलांग लगा दी।
धीरज ने बहादुरी दिखाते हुए बच्चे को अपनी पीठ पर बैठाकर सुरक्षित बाहर निकाल दिया, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण वह खुद बाहर नहीं निकल सका और पानी में डूब गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और साथियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद धीरज रात्रे का शव पानी से बाहर निकाला जा सका। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।





