Gariaband। गरियाबंद जिले के उदंती अभ्यारण क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस दौरान उपनिदेशक Varun Jain और वन कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की भी की गई। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
घटना उदंती अभ्यारण के कोर जोन अंतर्गत सीतानदी रेंज के जैतपुरी गांव की बताई जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक वन विभाग ने अभ्यारण्य के कोर क्षेत्र में अतिक्रमण के मामलों को लेकर 166 अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी। सभी के खिलाफ वन अपराध के तहत मामला दर्ज कर नोटिस जारी किए गए थे।
बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने नोटिस का जवाब दिया था, लेकिन बयान दर्ज नहीं हुए थे। दो नोटिस जारी होने के बाद आरोपियों ने अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया। इसके बाद पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हुई, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
बयान दर्ज कराने पहुंची थी टीम
सोमवार को वन विभाग की टीम जैतपुरी गांव बयान दर्ज करने पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों और वन अमले के बीच विवाद की स्थिति बन गई। आरोप है कि कार्रवाई का विरोध करते हुए कुछ लोगों ने डिप्टी डायरेक्टर और कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की।
हालांकि वन विभाग के अधिकारियों ने स्थिति को संभाल लिया। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
उपनिदेशक वरुण जैन ने कहा कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।




