जनकपुर बाजार में दिनदहाड़े चोरी
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के जनकपुर नगर पंचायत क्षेत्र में चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मुख्य बाजार में बैंक के पास खड़ी कार का कांच तोड़कर बदमाश करीब 4 लाख 25 हजार रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
बैंक से पैसे निकालकर कार में रखा था बैग
जानकारी के मुताबिक जनकपुर थाना क्षेत्र निवासी ध्रुव यादव ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की जनकपुर शाखा से चेक के माध्यम से 4.25 लाख रुपये निकाले थे। बैंक से बाहर आने के बाद उन्होंने नगदी से भरा बैग कार की आगे वाली सीट पर रखा और कुछ देर के लिए वाहन से दूर चले गए।
इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने कार का कांच तोड़ दिया और सीट पर रखा रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
CCTV फुटेज में दिखे आरोपी
मामले की सूचना मिलते ही जनकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें संदिग्ध आरोपी वारदात को अंजाम देते दिखाई दिए हैं।
दो संदिग्धों की पहचान
पुलिस के अनुसार मामले में दो संदिग्धों की पहचान की गई है। इनमें पिंटू यादव निवासी कटिहार, बिहार और सुमित सिसोदिया उर्फ बंदर निवासी अनुपपुर, मध्यप्रदेश शामिल हैं। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर रवाना की गई हैं।
आरोपियों पर इनाम घोषित
मामले को गंभीरता से लेते हुए रत्ना सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी या उनसे संबंधित सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 5 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।
पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।




