कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सीएसईबी चौकी क्षेत्र के ढोढ़ीपारा के पास रेलवे ट्रैक पर बैठे एक युवक को ट्रेन ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में युवक के दोनों पैर कट गए। घटना शनिवार रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है।
रातभर रेलवे ट्रैक के पास घायल पड़ा रहा युवक
जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद 22 वर्षीय रितेश सारथी गंभीर रूप से घायल अवस्था में रातभर रेलवे ट्रैक के पास पड़ा रहा। रविवार सुबह राहगीरों की नजर युवक पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सीएसईबी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया। फिलहाल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
रेलवे ट्रैक पर क्यों बैठा था युवक?
पुलिस के मुताबिक, युवक रेलवे ट्रैक पर किस वजह से बैठा था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए सीएसईबी पुलिस मामले की जांच कर रही है।





