बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में खनिज विभाग ने अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 वाहनों और मशीनों को जब्त किया है। साथ ही नियमों के उल्लंघन और कोयले की गुणवत्ता में मिलावट पाए जाने पर एक कोयला भंडारण डिपो को भी सील कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, बिलासपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की संयुक्त खनिज टीम को गतौरी स्थित बालाजी कोल ट्रेडिंग एंड कंस्ट्रक्शन के कोयला भंडारण डिपो में अनियमितताओं की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर की गई जांच में कोयले की गुणवत्ता में मिलावट और भंडारण संबंधी शर्तों के उल्लंघन की पुष्टि हुई।
कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से एक ट्रेलर और एक जेसीबी मशीन जब्त की। इसके अलावा अनियमितता पाए जाने पर कोयला भंडारण डिपो को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। जब्त वाहन और मशीनों को कोनी थाना पुलिस की अभिरक्षा में रखा गया है।
इसी अभियान के तहत खनिज विभाग ने सकरी, कोटा, विजयपुर, दर्री और तखतपुर क्षेत्रों में भी सघन जांच की। दर्री-विजयपुर क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते एक हाइवा, सकरी क्षेत्र में रेत परिवहन करते एक हाइवा और गिट्टी परिवहन करते एक अन्य हाइवा को जब्त किया गया।
वहीं खोंगसरा क्षेत्र में अरपा नदी से अवैध रेत उत्खनन करते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली भी पकड़ी गईं। खनिज विभाग ने सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने कहा कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




