डोंगरगढ़। शहर के बीचोंबीच स्थित बुधवारी पारा इलाके में आधी रात हुई चोरी की घटना ने लोगों में दहशत फैला दी है। वार्ड क्रमांक 15 स्थित डॉ. सचदेव गली में देर रात दो अज्ञात चोर एक मकान की छत के रास्ते घर में घुस गए। पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवारी पारा निवासी दिनेश कुमार साहू के घर में देर रात दो संदिग्ध बदमाश छत के रास्ते दाखिल हुए। घटना से जुड़े अब तक आठ CCTV फुटेज सामने आए हैं, जिनमें दोनों युवक बेखौफ अंदाज में गली और मकान के आसपास घूमते नजर आ रहे हैं। फुटेज में उन्हें घर की छत से अंदर प्रवेश करते भी देखा गया है।
घटना के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बुधवारी पारा शहर का घनी आबादी वाला क्षेत्र है, जहां देर रात तक लोगों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद चोरों का खुलेआम घूमना और घर में घुस जाना पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
लोगों ने आरोप लगाया है कि शहर में लगातार संदिग्ध गतिविधियां बढ़ रही हैं, लेकिन रात में पुलिस गश्त का असर दिखाई नहीं दे रहा। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
डोंगरगढ़ एसडीओपी केसरीनंदन नायक ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





