July 24, 2026

GGU ने वापस लिया BA-LLB री-एग्जाम का फैसला, छात्रों के विरोध के बाद रद्द हुआ नोटिफिकेशन

बिलासपुर। छात्रों के लगातार विरोध के बाद गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) प्रशासन ने BA-LLB छठवें सेमेस्टर की दोबारा परीक्षा (री-एग्जाम) कराने का फैसला वापस ले लिया है। विश्वविद्यालय द्वारा री-एग्जाम का नोटिफिकेशन रद्द किए जाने के बाद छात्रों ने राहत की सांस ली है।

री-एग्जाम के फैसले का हुआ था विरोध

विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा छठवें सेमेस्टर की परीक्षा दोबारा कराने का निर्णय लेने के बाद एलएलबी के छात्रों ने इसका कड़ा विरोध किया था। छात्रों का कहना था कि परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया, जिससे दोबारा परीक्षा देना उनके लिए संभव नहीं है।

छात्रों ने पहले विभागाध्यक्ष से चर्चा कर समाधान निकालने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनने पर विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया।

उग्र आंदोलन की दी थी चेतावनी

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रबंधन को चेतावनी दी थी कि यदि री-एग्जाम का नोटिफिकेशन वापस नहीं लिया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। छात्रों के बढ़ते विरोध और हंगामे को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने आखिरकार अपना फैसला बदलते हुए री-एग्जाम का नोटिफिकेशन रद्द कर दिया।

पेपर लीक जांच के बाद लिया गया था फैसला

गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले हुए कथित पेपर लीक मामले की जांच के लिए विश्वविद्यालय ने पांच सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी का गठन किया था। समिति ने 6 जून को अपनी रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपी थी। इसी रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने अचानक परीक्षा निरस्त कर री-एग्जाम कराने का आदेश जारी किया था। अब छात्रों के विरोध के बाद विश्वविद्यालय ने यह आदेश वापस ले लिया है।