रायपुर। छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर उठ रही आशंकाओं के बीच राज्य सरकार ने स्थिति पूरी तरह सामान्य बताते हुए स्पष्ट किया है कि प्रदेश में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और आम उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है।
सरकारी जानकारी के अनुसार वर्तमान में राज्य में 3 करोड़ 28 लाख 68 हजार लीटर पेट्रोल और 7 करोड़ 75 लाख 71 हजार लीटर डीजल उपलब्ध है। खाद्य विभाग के संचालक ने सभी ऑयल कंपनियों के साथ समीक्षा बैठक कर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि जिन पेट्रोल पंपों पर आपूर्ति में कमी की स्थिति बन रही है, वहां प्राथमिकता के आधार पर ईंधन पहुंचाया जाए।
खाद्य विभाग ने बताया कि प्रदेशभर में 2516 पेट्रोल पंप संचालित हैं। हाल ही में 13 और 14 मई को अचानक मांग बढ़ने के कारण पेट्रोल की खपत में 43 प्रतिशत और डीजल की खपत में 22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। कृषि कार्यों के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में डीजल की मांग भी लगातार बढ़ रही है।
बढ़ी हुई मांग को देखते हुए रायपुर के लखौली और मंदिरहसौद तथा कोरबा के गोपालपुर स्थित डिपो से लगातार जिलों को ईंधन की आपूर्ति की जा रही है। रविवार अवकाश के दिन भी डिपो संचालित कर लगभग 370 टैंकरों के माध्यम से ईंधन विभिन्न जिलों तक भेजा गया।
अधिकारियों ने बताया कि सभी डिपो से दो शिफ्टों में नियमित रूप से आपूर्ति जारी है, ताकि प्रदेश में किसी भी क्षेत्र में पेट्रोल-डीजल की कमी न हो।
सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों या भ्रम के कारण पैनिक बाइंग या अनावश्यक भंडारण न करें और आवश्यकता अनुसार ही ईंधन खरीदें।




