July 24, 2026

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन बारिश के आसार, रायपुर में आज बादल और बारिश की संभावना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, जबकि इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया।

अगले 5 दिनों तक बारिश का दौर जारी

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी पांच दिनों तक प्रदेश में बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। इस दौरान उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में वर्षा की गतिविधियां अधिक रहने का अनुमान है, जबकि दक्षिण छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून द्रोणिका जैसलमेर, कोटा, गुना, दमोह, डालटेनगंज और कोण्टई होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। वहीं, पूर्व-पश्चिम हवा का शियर जोन उत्तर छत्तीसगढ़ से होकर 4.5 से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है, जिससे प्रदेश में बारिश की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह तेज धूप देखने को मिली, लेकिन दिन चढ़ने के साथ मौसम बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने आज शहर में बादल छाने और बारिश होने की संभावना जताई है। रायपुर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।