July 24, 2026

सक्ती में ACB की बड़ी कार्रवाई: ₹1 लाख रिश्वत लेते प्रभारी सिविल सर्जन रंगे हाथ गिरफ्तार

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला अस्पताल के प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. संतोष कुमार पटेल को ₹1 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी रकम बरामद की गई है। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

पे-डेटा भेजने के बदले मांगी थी रिश्वत

एसीबी बिलासपुर को दी गई शिकायत में जिला अस्पताल में पदस्थ फार्मासिस्ट ग्रेड-2 गंगा प्रसाद रत्नाकर ने बताया कि उनकी मूल पदस्थापना सीएमएचओ कार्यालय, पोरथा (जिला सक्ती) में है, लेकिन फरवरी 2026 से वे जिला अस्पताल सक्ती में अटैचमेंट पर कार्यरत हैं।

शिकायत के अनुसार, प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. संतोष कुमार पटेल मई और जून 2026 का उनका पे-डेटा तैयार कर सीएमएचओ कार्यालय नहीं भेज रहे थे। पे-डेटा भेजने के एवज में आरोपी फरवरी से जून 2026 तक के लिए ₹20,000 प्रतिमाह के हिसाब से कुल ₹1 लाख रिश्वत की मांग कर रहा था।

शिकायत सही मिलने पर बिछाया जाल

शिकायत का सत्यापन करने पर आरोप सही पाए गए, जिसके बाद एसीबी यूनिट बिलासपुर ने ट्रैप की योजना बनाई। 23 जुलाई को एसीबी की टीम कार्रवाई के लिए रवाना हुई। आरोपी ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर डभरा स्थित अपने अस्थायी निवास पर बुलाया था।

स्कॉर्पियो में लेते ही दबोचा

योजना के तहत शिकायतकर्ता ने आरोपी को डभरा कॉलेज मोड़ के पास बुलाया। रात करीब 9 बजे आरोपी वहां पहुंचा और शिकायतकर्ता की स्कॉर्पियो में बैठकर जैसे ही ₹1 लाख की रिश्वत ली, पहले से घात लगाए एसीबी अधिकारियों ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

फिलहाल एसीबी आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।