May 16, 2026

रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गोवा में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। मध्य भारत में सक्रिय बड़े ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित सट्टा और हवाला रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गोवा में दबिश देकर 6 सट्टा संचालकों को गिरफ्तार किया है। यह पूरा नेटवर्क रायगढ़, रायपुर, सक्ती और खरसिया से लेकर गोवा तक फैला हुआ था। कार्रवाई का नेतृत्व एसएसपी शशि मोहन सिंह ने किया।

पुलिस ने मौके से 10 मोबाइल फोन, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। पूरे नेटवर्क की तकनीकी जांच और फाइनेंशियल ट्रैकिंग जारी है।

जांच के दौरान खुला बड़ा नेटवर्क

कोतवाली थाना रायगढ़ में दर्ज अपराध क्रमांक 217/2026 एवं 218/2026 के तहत जांच के दौरान आरोपियों करन चौधरी उर्फ करन अग्रवाल, पुष्कर अग्रवाल और सुनील अग्रवाल की गिरफ्तारी के बाद मामले की परतें खुलनी शुरू हुईं। पूछताछ में हवाला के जरिए पैसों के लेनदेन और खरसिया के अमित मित्तल से जुड़े नेटवर्क के अहम सुराग मिले।

इसके बाद साइबर थाना और कोतवाली पुलिस ने तकनीकी निगरानी शुरू की, जिसमें यह सामने आया कि यह गिरोह रायगढ़, रायपुर, सक्ती और खरसिया के साथ हैदराबाद और मुंबई के रास्ते गोवा में सक्रिय था।

गोवा में छापेमारी, 6 आरोपी गिरफ्तार

एसएसपी के निर्देश पर सीएसपी मयंक मिश्रा और डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोवा के कैंडोलिम बीच इलाके में एक किराए के विला पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान छह आरोपियों को ऑनलाइन सट्टा संचालन करते हुए गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में अमित मित्तल, मोहित सोमानी, प्रकाश वाधवानी, आकाश मोटवानी, राहुल खंडेलवाल और सुलभ खंडेलवाल शामिल हैं। पुलिस की दबिश के दौरान आरोपी दस्तावेज और डिजिटल सबूत नष्ट करने की कोशिश कर रहे थे।

ऑनलाइन सट्टा संचालन का तरीका

जांच में सामने आया है कि यह गिरोह आईपीएल मैचों के दौरान तीन अलग-अलग तरीकों से सट्टा संचालित करता था।

पहले तरीके में रायपुर से लाइव भाव लेकर APK आधारित ऐप के जरिए एजेंटों तक रेट पहुंचाए जाते थे। दूसरे तरीके में प्रगति टीवी और स्टार लाइव जैसे ऐप के जरिए मैच से कुछ सेकंड पहले की जानकारी का फायदा उठाकर कॉलिंग के जरिए सट्टा लगाया जाता था। तीसरे तरीके में ‘All Panel Exchange’, ‘Taj 777’ और ‘Diamond Exchange’ जैसे बेटिंग ऐप के जरिए ऑनलाइन जुआ संचालित किया जाता था।

हवाला और करोड़ों के लेनदेन का खुलासा

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह हवाला नेटवर्क के जरिए पैसे का लेनदेन करता था। मोबाइल डेटा में नोटों के सीरियल नंबर तक के लेनदेन के सबूत मिले हैं। प्रारंभिक जांच में एक आईपीएल सीजन में करोड़ों रुपये के कारोबार के संकेत मिले हैं।

पुलिस का बयान

पुलिस ने कहा है कि ऑनलाइन सट्टा, हवाला और संगठित अपराध के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां संभव हैं।