मोहला-मानपुर। मानसून के साथ वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। जिले के मोहला विकासखंड के ग्राम मड़ियानवाडवी में गांव से लगे नाले के पास पिछले दो-तीन दिनों से लगातार एक अजगर दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। अजगर को अलग-अलग समय पर तीन से चार बार देखा जा चुका है। सूचना मिलते ही वन विभाग अलर्ट मोड में आ गया है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
ग्रामीणों ने अजगर की तस्वीरें भी अपने मोबाइल कैमरे में कैद की हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार, अजगर गांव से लगे नाले के आसपास देखा गया है, जहां से लोगों का रोजाना आना-जाना रहता है।
खेतों में जाने से डर रहे किसान
ग्रामीणों का कहना है कि नाले के आसपास उनके खेत-खलिहान स्थित हैं, जहां किसान प्रतिदिन खेती-किसानी के कार्य के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अजगर की मौजूदगी से किसानों और ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों को खेतों में जाने से पहले सतर्क रहना पड़ रहा है।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता
मड़ियानवाडवी–भोजटोला मुख्य मार्ग पर स्थित इस नाले से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों के अलावा स्कूली बच्चों का भी आवागमन होता है। ऐसे में किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द रेस्क्यू अभियान चलाने की मांग की है।
वन विभाग ने जारी की एडवाइजरी
पानाबरस वन विकास निगम के एसडीओ वीरेंद्र पटेल ने बताया कि गांव के पास अजगर दिखाई देने की सूचना विभाग को मिल चुकी है। वन विभाग पूरी तरह सतर्क है और आवश्यकता पड़ने पर वन अमले को मौके पर भेजकर अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ा जाएगा।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि अजगर दिखाई दे तो उसके पास जाने या उसे पकड़ने की कोशिश बिल्कुल न करें। तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर किसी भी संभावित हादसे को रोका जा सके।




