बलौदा बाजार। बलौदा बाजार शहर में चोरी की लगातार वारदातों से लोगों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इलाके में नाबालिगों का एक गिरोह सक्रिय है, जो कथित तौर पर नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा है। आरोप है कि विरोध करने या पकड़ने की कोशिश करने पर आरोपी धारदार हथियार दिखाकर धमकाते हैं।
बीती रात शक्तिपारा इलाके में एक सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। घटना के बाद क्षेत्र के रहवासियों में भय का माहौल है।
नशे के लिए केबल वायर चोरी करने का आरोप
जानकारी के मुताबिक, नाबालिगों का यह गिरोह कथित तौर पर नशे का आदी है। आरोप है कि गिरोह के सदस्य इलाके में घूम-घूमकर सबमर्सिबल पंप और बोर के केबल वायर चोरी करते हैं और उन्हें कबाड़ी दुकानों में बेच देते हैं।
चोरी से मिले पैसों का इस्तेमाल नशे के लिए किए जाने की बात सामने आई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
सूने मकान की खिड़की तोड़कर घुसे चोर
शक्तिपारा इलाके में शनिवार रात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि चोर पीछे की खिड़की तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए।
इसके बाद आंगन में लगे बोर के केबल को काटकर अपने साथ ले गए। चोरों ने घर में रखे अन्य सामान पर भी हाथ साफ किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मकान मालिक की ओर से कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
नशे की गिरफ्त में नाबालिग, पुलिस के सामने चुनौती
नशे की बढ़ती लत अब केवल युवाओं तक सीमित नहीं रह गई है। नाबालिगों के भी इसकी चपेट में आने से चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों का खतरा बढ़ रहा है।
फिलहाल पुलिस शक्तिपारा में हुई चोरी की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।




