नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन के बीच दिल्ली पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे कथित फर्जी कंटेंट को लेकर बड़ा खुलासा किया। पुलिस ने दावा किया कि 400 से अधिक फेक सोशल मीडिया अकाउंट बंद किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इनमें से कई अकाउंट पहले ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भी सक्रिय थे। पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की लगातार निगरानी की जा रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिल्ली पुलिस ने एक वीडियो दिखाते हुए आरोप लगाया कि एक राजनीतिक नेता ने यह गलत जानकारी साझा की थी कि “केंद्र सरकार आधी रात को दिल्ली में बड़ा क्रैकडाउन करने जा रही है।” पुलिस ने लोगों से अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा नहीं करने और केवल आधिकारिक जानकारी पर विश्वास करने की अपील की।
लड़की की मौत की झूठी खबर और सोनम वांगचुक का फेक वीडियो
डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर 20 जुलाई की एक घटना को लेकर एक लड़की की मौत का दावा किया गया था, जबकि जांच में यह दावा गलत पाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान से संचालित कुछ सोशल मीडिया अकाउंट कथित तौर पर भ्रामक और फर्जी पोस्ट प्रसारित कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर सोनम वांगचुक का एक कथित फर्जी वीडियो भी साझा किया गया, जिसमें वीडियो और ऑडियो के साथ छेड़छाड़ कर भ्रामक संदेश प्रसारित किया गया। मामले की जांच के लिए दिल्ली पुलिस ने विशेष कार्यबल (STF) का गठन किया है।
CJP संस्थापक को टाइफाइड
इधर, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने वीडियो जारी कर बताया कि उन्हें टाइफाइड हो गया है। वहीं, शुक्रवार देर रात दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाते हुए अतिरिक्त बैरिकेडिंग की।
सरकार-CJP के बीच तीसरे दौर की बैठक संभव
CJP ने केंद्रीय मंत्रियों के साथ हुई पिछली बैठक के बाद कहा था कि यदि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि मंत्री के इस्तीफे के बिना सरकार से बातचीत का कोई औचित्य नहीं है। जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर 3:30 बजे सरकार और CJP के बीच तीसरे दौर की बैठक हो सकती है, जिसमें धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है.




