रायपुर। भाजपा नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष Dharamlal Kaushik के साथ सोमवार सुबह राजधानी रायपुर में लूट की घटना हो गई। बाइक सवार अज्ञात बदमाश उनका मोबाइल झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार धरमलाल कौशिक सुबह करीब 8 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान शंकर नगर स्थित भारत माता चौक के पास बाइक सवार लुटेरों ने उनका मोबाइल छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद कौशिक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। सूचना मिलते ही सेंट्रल जोन डीसीपी और क्राइम डीसीपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी घटनास्थल पहुंचे और निरीक्षण किया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
फिलहाल पुलिस टीम धरमलाल कौशिक और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
राजधानी में हाई अलर्ट के बीच हुई इस लूट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




