May 14, 2026

छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक, अफवाहों पर ध्यान न दें : खाद्य सचिव

प्रदेश में ईंधन आपूर्ति पूरी तरह सामान्य

छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच खाद्य सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और आम नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने बताया कि राज्य के ऑयल डिपो में नियमित रूप से आवश्यकतानुसार पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति की जा रही है तथा वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

प्रदेश में 2516 पेट्रोल-डीजल पंप संचालित

खाद्य सचिव के अनुसार वर्तमान में प्रदेश में कुल 2516 पेट्रोल और डीजल पंप संचालित हैं। राज्य में पेट्रोल का 45,474 किलोलीटर और डीजल का 84,654 किलोलीटर स्टॉक उपलब्ध है।

वहीं पेट्रोल की दैनिक आवश्यकता 3,635 किलोलीटर तथा डीजल की दैनिक जरूरत 5,873 किलोलीटर बताई गई है। आज विभिन्न ऑयल डिपो में 6,551 किलोलीटर पेट्रोल और 4,760 किलोलीटर डीजल की नई आपूर्ति भी प्राप्त हुई है।

रायपुर और बिलासपुर में कुछ पंप अस्थायी रूप से ड्राई आउट

रायपुर में कुल 326 पेट्रोल-डीजल पंप हैं, जिनमें से 35 पंप अस्थायी रूप से ड्राई आउट बताए गए हैं। वहीं बिलासपुर में संचालित 156 पंपों में से 13 पंप ड्राई आउट हैं।

प्रशासन के अनुसार इन पंपों को जल्द से जल्द स्टॉक उपलब्ध कराने के लिए ऑयल कंपनियों के डिपो से लगातार आपूर्ति की जा रही है।

अफवाहों के कारण बढ़ी खपत

खाद्य सचिव ने बताया कि पिछले दो दिनों में कुछ पेट्रोल पंपों के ड्राई आउट होने की खबरों के बाद लोगों में घबराहट की स्थिति बनी, जिससे पेट्रोल और डीजल की खपत अचानक बढ़ गई। मांग में अप्रत्याशित वृद्धि के कारण कुछ स्थानों पर कृत्रिम अभाव जैसी स्थिति बन गई थी।

पैनिक खरीदारी से बचने की अपील

सरकार ने साफ किया है कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। खाद्य सचिव ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या भ्रम में आकर पैनिक खरीदारी या ईंधन का अनावश्यक भंडारण न करें।

उन्होंने कहा कि शासन और ऑयल कंपनियां समन्वय के साथ लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और सभी पेट्रोल पंपों पर नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।