June 13, 2026

रायपुर में बनेगा जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क, CSIDC ने अशोका बिल्डकॉन को सौंपा विकास कार्य

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जेम्स एंड ज्वेलरी सेक्टर को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (CSIDC) ने जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क के विकास के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी Ashoka Buildcon Limited को लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (LoA) जारी किया है। कंपनी ने इसकी जानकारी स्टॉक एक्सचेंज को भी दी है।

यह परियोजना पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर विकसित की जाएगी। इस मॉडल के तहत सरकार भूमि और आवश्यक स्वीकृतियां उपलब्ध कराएगी, जबकि निजी कंपनी निर्माण, निवेश और संचालन की जिम्मेदारी संभालेगी। परियोजना की नोडल एजेंसी CSIDC होगी और Ashoka Buildcon डेवलपर की भूमिका निभाएगी।

112.40 करोड़ रुपए का प्रीमियम देगी कंपनी

जानकारी के अनुसार, Ashoka Buildcon को परियोजना के लिए CSIDC को 112.40 करोड़ रुपए का प्रीमियम भुगतान करना होगा। लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस मिलने के बाद कंपनी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कर निर्माण कार्य शुरू करेगी। कंपनी को यह प्रोजेक्ट पांच वर्षों के भीतर पूरा करना होगा।

स्थानीय कारोबार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

रायपुर में जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क बनने से स्थानीय ज्वेलर्स, कारीगरों और निर्यातकों को एक संगठित प्लेटफॉर्म मिलेगा। पार्क में कॉमन फैसिलिटी सेंटर, डिजाइन स्टूडियो, अस्सेइंग लैब, सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे उत्पादन लागत कम होने और गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद है।

हजारों लोगों को मिल सकते हैं रोजगार

परियोजना के माध्यम से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों रोजगार सृजित होने की संभावना जताई जा रही है। साथ ही हीरा, सोना और कीमती पत्थरों के क्षेत्र से जुड़े कारीगरों को कौशल प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा। राज्य सरकार की “मेक इन छत्तीसगढ़” नीति को भी इससे मजबूती मिलेगी।

ज्वेलरी मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभरेगा रायपुर

सराफा कारोबार के लिए पहले से पहचान रखने वाला रायपुर अब ज्वेलरी निर्माण और निर्यात के क्षेत्र में भी नई पहचान बना सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना राज्य में निवेश आकर्षित करने और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।