धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में रविवार को कथित चंगाई सभा को लेकर जमकर हंगामा हुआ। कोतवाली थाना क्षेत्र के टिकरापारा में एक किराए के मकान में सभा आयोजित किए जाने की सूचना के बाद हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते दो पक्ष आमने-सामने आ गए और मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
किराए के मकान में सभा की सूचना पर पहुंचे कार्यकर्ता
जानकारी के अनुसार, टिकरापारा स्थित एक किराए के मकान में चंगाई सभा आयोजित किए जाने की सूचना हिंदू जागरण मंच को मिली थी। संगठन का आरोप है कि बाहर से 40 से अधिक लोगों को बहला-फुसलाकर सभा में शामिल होने के लिए बुलाया गया था।
सूचना मिलने के बाद हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान दूसरे पक्ष के लोग भी बाहर आ गए। दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी होने लगी और कुछ ही देर में माहौल तनावपूर्ण हो गया।

हिंदू जागरण मंच और पुलिस के बीच तीखी बहस
स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच भी तीखी नोकझोंक हुई।
हिंदू जागरण मंच ने आरोप लगाया कि किराए के मकान में चंगाई सभा की आड़ में धर्मांतरण कराया जा रहा है। संगठन का कहना है कि पुलिस मामले में तत्काल कार्रवाई नहीं कर रही है, जिसके चलते कार्यकर्ताओं ने पुलिस के सामने अपनी नाराजगी जताई।
हालांकि, धर्मांतरण के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने कहा- जांच के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ और सभा से संबंधित तथ्यों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, हिंदू जागरण मंच ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन की ओर से उग्र आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।





