September 7, 2026

Dhamtari Crime: नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का 48 घंटे में खुलासा, पति ने गला घोंटकर की हत्या; आत्महत्या का रचा था ड्रामा

धमतरी। जिले के सुपेला गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। महिला ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी पति ने शव को फांसी पर लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की थी।

जन्माष्टमी के दिन मिली थी आत्महत्या की सूचना

जानकारी के मुताबिक, 5 सितंबर यानी जन्माष्टमी के दिन भखारा थाना पुलिस को वीणा उर्फ बबली ठाकुर की आत्महत्या की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जांच के दौरान महिला के गले पर किसी पतली वस्तु या बारीक कपड़े से गला घोंटने जैसे निशान मिले। वहीं, मृतिका के पति विवेक ध्रुव उर्फ गोलू ने पुलिस को बताया था कि खेत से लौटने के बाद वीणा कमरे में चली गई थी। शाम करीब साढ़े 5 बजे जब वह कमरे में पहुंचा तो वह संदिग्ध हालत में मिली।

परिजनों ने पहले इसे दिल का दौरा पड़ने की घटना समझकर डॉक्टर को बुलाया, लेकिन डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से जांच की मांग की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला हत्या का राज

पुलिस ने मर्ग जांच शुरू कर परिजनों और गवाहों के बयान दर्ज किए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत की प्रकृति मानववध (Homicidal) पाए जाने के बाद पुलिस का शक गहरा गया।

इसके बाद पुलिस ने मृतिका के पति विवेक ध्रुव को थाने बुलाकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने वारदात की पूरी कहानी पुलिस के सामने कबूल कर ली।

पत्नी पर दूसरे युवक से बातचीत का था शक

पूछताछ में आरोपी पति ने बताया कि उसे अपनी पत्नी के मोबाइल में किसी दूसरे व्यक्ति से बातचीत करने का शक था। वह पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध होने की आशंका को लेकर उससे विवाद करता था।

इसी विवाद के दौरान 4 सितंबर की शाम करीब 5 बजे आरोपी ने आक्रोश में आकर नायलॉन की रस्सी से पत्नी का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद आत्महत्या दिखाने की कोशिश

हत्या करने के बाद आरोपी घबरा गया और कानून से बचने के लिए उसने वारदात को आत्महत्या का रूप देने की साजिश रची। उसने शव को फांसी पर लटकाने का प्रयास किया, ताकि पुलिस और परिवार को महिला की मौत आत्महत्या लगे।

हालांकि, मौके से मिले सुराग और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने उसकी कहानी की पोल खोल दी।

आरोपी पति गिरफ्तार, जेल भेजा गया

जुर्म कबूल करने के बाद पुलिस ने आरोपी पति विवेक ध्रुव उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

पुलिस की त्वरित जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर 48 घंटे के भीतर संदिग्ध मौत के इस मामले का पर्दाफाश हो गया।