July 27, 2026

हेमूनगर में दो पक्षों के बीच खूनी झड़प, बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर धारदार हथियार से हमला; 5 घायल

बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के हेमूनगर में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में पांच लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर भी हमला

जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान अपने दोस्त को बचाने पहुंचे अमन सिन्हा पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। अमन का कहना है कि वह अपने दोस्त के साथ मारपीट होते देख बीच-बचाव के लिए पहुंचा था, लेकिन आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया और धारदार हथियार से जानलेवा वार किए।

चेहरे और गाल पर आई गंभीर चोट

हमले में अमन सिन्हा के चेहरे और गाल पर गंभीर चोटें आई हैं। वहीं मारपीट में उसके एक साथी के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

शराब के नशे में हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब के नशे में युवकों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में कुल पांच लोग घायल हुए हैं। सभी को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मामले में शामिल लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।