June 13, 2026

भारतीय अंडर-19 महिला टीम की उपकप्तान बनीं महक नरवासे, मुख्यमंत्री साय ने किया सम्मानित

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से शनिवार को राजनांदगांव की प्रतिभाशाली युवा क्रिकेटर महक नरवासे ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री Giriraj Singh और सांसद Brijmohan Agrawal भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम के आगामी श्रीलंका दौरे के लिए टी-20 और वनडे दोनों टीमों का उपकप्तान नियुक्त किए जाने पर महक को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री साय ने शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर महक नरवासे का सम्मान किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि महक की उपलब्धि केवल उनके परिवार या राजनांदगांव जिले की नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बेटियां खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना रही हैं। महक ने अपनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जो प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है।

उन्होंने विश्वास जताया कि महक आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करेंगी। मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहा, “खूब खेलो, आगे बढ़ो और नई ऊंचाइयों को छुओ। आपकी सफलता प्रदेश के हजारों युवा खिलाड़ियों के सपनों को नई उड़ान देगी।”

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने महक नरवासे का चयन प्रदेश में विकसित हो रहे खेल वातावरण और उभरती खेल प्रतिभाओं का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

महक नरवासे ने सम्मान और शुभकामनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। इस अवसर पर उनके पिता राधेश्याम नरवासे, महापौर मधुसूदन यादव, कोच मनोज तिवारी और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।