रायपुर। राजनांदगांव शहर के शांति नगर इलाके में जातिगत गाली-गलौज और विवाद को लेकर तनाव बढ़ गया है। बुधवार को बड़ी संख्या में रहवासियों ने चिखली पुलिस चौकी का घेराव कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चौकी प्रभारी को हटाने की भी मांग उठाई।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार जातिगत अपशब्द कहे जा रहे हैं और गुंडागर्दी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। साथ ही पीड़ित पक्ष के साथ पुलिस के कथित गलत व्यवहार का भी आरोप लगाया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर निकाले गए जुलूस के दौरान शंकरपुर वार्ड के कुछ लोगों ने जुलूस में शामिल युवकों के साथ गाली-गलौज और जातिगत अपशब्द कहे थे। उस समय पुलिस की मौजूदगी में मामला शांत हो गया था, लेकिन बाद में तनाव और बढ़ गया।
इसके बाद बुधवार सुबह फिर से शंकरपुर वार्ड के कुछ लोगों द्वारा शांति नगर क्षेत्र में जातिगत गाली-गलौज करने का आरोप लगाया गया। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद तीन लोगों को पकड़कर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों को हिरासत में लिया।
वहीं, चिखली चौकी प्रभारी और पुलिसकर्मियों पर भी स्थानीय लोगों ने पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने और खराब व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस आगे की जांच में जुटी है।





