बालोद। जिले के गुरुर थाना क्षेत्र में बिजली विभाग के एक कर्मचारी द्वारा हाईटेंशन बिजली लाइन के टॉवर में फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिजली विभाग में कार्यरत था मृतक
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान देवेंद्र साहू (40) के रूप में हुई है। वह बिजली विभाग में नियमित कर्मचारी के तौर पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि उसने कोरबा-दल्लीराजहरा मुख्य बिजली लाइन के टॉवर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
ग्रामीणों ने देखी लटकी हुई लाश
घटना गुरुर थाना क्षेत्र के बोहारडीही गांव की है। स्थानीय लोगों ने टॉवर पर शव लटका देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पारिवारिक विवाद की आशंका
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे पारिवारिक क्लेश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
गुरुर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आत्महत्या के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।





