July 30, 2026

CG Weather Today: डीप डिप्रेशन का असर कमजोर, रायपुर समेत कई जिलों में आज बारिश होगी कम, कुछ जगह भारी वर्षा के आसार

रायपुर।

पश्चिम बंगाल के ऊपर बने गहरे अवदाब (डीप डिप्रेशन) के प्रभाव से राजधानी रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान झमाझम मानसूनी बारिश हुई। कई जिलों में मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित रहा, जबकि नदी-नाले उफान पर आ गए। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार आज से रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है। इसके बावजूद एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

पिछले 24 घंटे में हुई जोरदार बारिश

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक बचेली में 20 सेंटीमीटर और रायपुर में 15 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई। बस्तर, रायपुर, मध्य छत्तीसगढ़, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई क्षेत्रों में लगातार बारिश के चलते नदी-नाले ओवरफ्लो हो गए और कई स्थानों पर जनजीवन प्रभावित हुआ।

रायपुर में टूटा जुलाई का बारिश रिकॉर्ड

राजधानी रायपुर में इस बार जुलाई महीने में बारिश का नया रिकॉर्ड बन गया है। जिले में अब तक 59 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य से 27 प्रतिशत अधिक है। वहीं पूरे छत्तीसगढ़ में अब तक औसतन 59 सेंटीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य से 12 प्रतिशत कम बताई गई है।

धीरे-धीरे कमजोर पड़ेगा सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार मध्य छत्तीसगढ़ और उससे लगे अंदरूनी ओडिशा के ऊपर बना गहरे अवदाब का क्षेत्र आगे बढ़ते हुए पूर्वी मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव के कमजोर होने के साथ प्रदेश में बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है।

इन संभागों में आज भी भारी बारिश के आसार

आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं दुर्ग संभाग और बिलासपुर संभाग के पश्चिमी जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

रायपुर का आज का मौसम

मौसम विभाग के स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार 30 जुलाई को रायपुर में आसमान मेघमय रहेगा। गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।