August 1, 2026

कुलगाम आतंकी हमले के मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख की सहायता, CM साय बोले- हर कदम पर सरकार साथ

रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की मौत के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती से खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को जम्मू-कश्मीर प्रशासन से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी, जो परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने और पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेगा।

दिल्ली दौरे से लौटने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री साय ने बताया कि राष्ट्रपति द्वारा बस्तर पंडुम के विजेताओं को सम्मानित किया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नक्सल मुक्त बस्तर में चल रहे विकास कार्यों, विद्युतीकरण, आयुर्वेद एम्स की स्थापना और अन्य परियोजनाओं पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने विकास कार्यों को गति देने का भरोसा दिया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही प्रधानमंत्री की मौजूदगी में ‘लखपति दीदी’ सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने महानदी जल विवाद को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय जल शक्ति मंत्री की मौजूदगी में ओडिशा के मुख्यमंत्री के साथ बैठक हुई, जिसमें दोनों राज्यों के हितों को ध्यान में रखते हुए समाधान पर चर्चा हुई। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले तीन महीनों में जल बंटवारे को लेकर निर्णय हो सकता है।

रेल परियोजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि कटघोरा-डोंगरगढ़ नई रेल लाइन के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। रेल मंत्री से मुलाकात के दौरान राज्य की अन्य रेल परियोजनाओं, विशेष रूप से बस्तर में किरंदुल से बीजापुर तक रेल लाइन के विस्तार पर भी चर्चा हुई।

उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नए मोबाइल टावर लगाने, बस्तर के 400 से अधिक गांवों में बिजली पहुंचाने और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण को लेकर भी केंद्र सरकार से सकारात्मक चर्चा हुई है।

कांग्रेस के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेस को हर मुद्दे में साजिश नजर आती है। उन्होंने कहा कि राज्य में रोजगार की कोई कमी नहीं है और नई औद्योगिक नीति, ‘जी-राम-जी’ जैसी योजनाओं के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस को “अपना चश्मा बदलने” की सलाह देते हुए कहा कि विकास कार्यों को राजनीति से ऊपर रखकर देखना चाहिए।