भिलाईनगर। भिलाई नगर के आकाशगंगा सुपेला थोक सब्जी मंडी में बढ़ती भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए नई मंडी स्थापित करने का फैसला लिया गया है। सुपेला थाना के पीछे करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक थोक सब्जी मंडी बनाई जाएगी। इसके लिए डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी जा रही है।
मौजूदा मंडी में भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इस समस्या के समाधान के लिए लगभग 11 एकड़ भूमि पर नई मंडी का निर्माण प्रस्तावित है।
कोसा नाला के समानांतर बनेगी सड़क
नई मंडी क्षेत्र में कोसा नाला के समानांतर सड़क का निर्माण किया जाएगा। साथ ही हरियाली बढ़ाने के लिए पौधरोपण भी किया जा रहा है। महापौर परिषद से इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिल चुकी है।
भारी वाहनों के लिए अलग पार्किंग
अन्य राज्यों से फल और सब्जियां लेकर आने वाले ट्रकों के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग और लोडिंग-अनलोडिंग की अलग व्यवस्था होगी। भारी वाहनों की आवाजाही के लिए चौड़ी सड़क बनाई जाएगी, जिससे ट्रैफिक दबाव नहीं रहेगा।
दुकानों के बीच चौड़ी सड़क
मंडी परिसर में दुकानों और गोदामों के बीच पर्याप्त चौड़ाई वाली सड़क बनाई जाएगी। बड़े गोदामों के निर्माण से माल भंडारण और परिवहन में सुविधा होगी। नेशनल हाईवे से नजदीकी होने के कारण व्यापारियों को माल लाने-ले जाने में भी आसानी होगी।
नई थोक सब्जी मंडी से सुपेला क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था सुधरने और व्यापार को बेहतर ढंग से संचालित करने की उम्मीद जताई जा रही है।




