June 3, 2026

बस्तर-दुर्ग में नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, अफीम और 14.5 किलो गांजा के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

रायपुर/जगदलपुर/दुर्ग। छत्तीसगढ़ में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। बस्तर और दुर्ग जिले में की गई अलग-अलग कार्रवाई में पुलिस ने अफीम और गांजा तस्करी के मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ, वाहन, नकदी और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

जगदलपुर में अफीम के साथ आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर में कोतवाली पुलिस ने 133.3 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गोयलबाड़ी तिराहा के पास एक व्यक्ति अफीम बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी जगदीश चौधरी को पकड़ा। पूछताछ के दौरान उसने बरामद पदार्थ को शिलाजीत बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन एफएसएल किट से जांच में पदार्थ अफीम निकला।

पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से राजस्थान के जोधपुर का निवासी है और जगदलपुर में किराए के मकान में रहकर नशे का कारोबार संचालित कर रहा था। उसके कब्जे से करीब 66 हजार 500 रुपये मूल्य की 133.3 ग्राम अफीम बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

दुर्ग में कार के गुप्त चेंबर से 14.5 किलो गांजा बरामद

वहीं दुर्ग जिले में कुम्हारी थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 14.5 किलो गांजा, एक क्रेटा कार, 22 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में खपाने आ रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने कुम्हारी ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर संदिग्ध क्रेटा कार को रोका।

जांच के दौरान कार से गांजे की तेज गंध आने पर पुलिस ने वाहन की गहन तलाशी ली। तलाशी में कार के दरवाजों के भीतर बनाए गए गुप्त चेंबर से गांजे के पैकेट बरामद हुए।

मुख्य आरोपी तीरथा ठेला, निवासी राजा खरियार (ओडिशा), से पूछताछ में कुम्हारी निवासी किशन जगत का नाम सामने आया, जिसे पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा के कंधमाल क्षेत्र से कम कीमत पर गांजा खरीदकर छत्तीसगढ़ में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ला रहे थे।

दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।