July 27, 2026

दुर्ग में फिर नदी ने ली जान: खारून में डूबा युवक, तीन दिनों में तीसरी मौत

दुर्ग। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच उफनती नदियां जानलेवा साबित हो रही हैं। दुर्ग जिले में बीते तीन दिनों के भीतर डूबने की तीसरी घटना सामने आई है। शनिवार को शिवनाथ नदी में दो बच्चों की मौत के बाद अब अमलेश्वर थाना क्षेत्र की खारून नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद जिले में लगातार हो रहे नदी हादसों को लेकर चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान टोमेश ध्रुव (22), पिता चुन्नूलाल ध्रुव, निवासी देवपुरी कमल विहार, रायपुर के रूप में हुई है। रविवार को वह अपने 11 दोस्तों के साथ अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम जमराव स्थित खारून नदी किनारे पिकनिक मनाने गया था। शाम के समय सभी दोस्त नदी में नहाने उतरे, तभी टोमेश तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते नदी में डूब गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथियों ने तत्काल अमलेश्वर पुलिस और एसडीआरएफ को सूचना दी। सूचना मिलते ही जिला सेनानी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और देर शाम तक नदी में युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया।

लगातार कई घंटों की मशक्कत के बाद सोमवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने युवक का शव नदी से बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि दुर्ग जिले में महज तीन दिनों के भीतर नदी में डूबने से तीन लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रहे ऐसे हादसों को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से बरसात के मौसम में उफनती नदियों, नालों और जलाशयों में न उतरने की अपील की है। साथ ही बारिश के दौरान पिकनिक स्थलों और नदी किनारों पर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।