हैदराबाद कॉलेज में एडमिशन का झांसा देकर छात्रा से 12 लाख की ठगी
बिलासपुर। शहर की एक छात्रा को हैदराबाद के प्रतिष्ठित कॉलेज में दाखिला दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 12 लाख रुपये की ठगी कर ली। तारबाहर थाना क्षेत्र के विनोबा नगर निवासी ऋषिका तिवारी 12वीं के बाद अच्छे कॉलेज में प्रवेश के लिए ऑनलाइन जानकारी जुटा रही थीं। इसी दौरान सोशल मीडिया और गूगल सर्च के जरिए मिले मोबाइल नंबर पर उनकी ठगों से बातचीत हुई।
आरोपियों ने खुद को एडमिशन प्रक्रिया से जुड़ा व्यक्ति बताते हुए IIIT हैदराबाद में शॉर्ट एग्जाम के माध्यम से प्रवेश दिलाने और 12 लाख रुपये डोनेशन की मांग की। झांसे में आकर परिजनों ने दो किस्तों में रकम ट्रांसफर कर दी। 6 जून को आरटीजीएस के जरिए 4 लाख और 7 जुलाई को 8 लाख रुपये भेजे गए। पैसे लेने के बाद भी जब एडमिशन नहीं कराया गया तो परिजनों ने रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपियों ने इनकार कर दिया।
शिकायत के बाद तारबाहर पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 3 और 5 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल नंबर और बैंक खाते के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
मेडिकल क्लेम में फर्जीवाड़ा, शिक्षक पर 9 लाख गबन का केस
बिलासपुर। मेडिकल प्रतिपूर्ति राशि में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। शिक्षा विभाग में पदस्थ एलबी शिक्षक साधेलाल पटेल पर करीब 9 लाख रुपये के गबन का आरोप लगा है। आरोप है कि वर्ष 2022 से 2024 के बीच कूटरचित दस्तावेज तैयार कर मेडिकल क्लेम की राशि निकाली गई।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बाबू सौरभ मजुमदार की शिकायत के बाद विभागीय जांच कराई गई, जिसमें फर्जी दस्तावेजों के आधार पर क्लेम लेने की पुष्टि हुई। जांच में यह भी सामने आया कि शिक्षक ने अन्य मेडिकल क्लेम भी प्रस्तुत किए थे, लेकिन उनकी राशि जारी नहीं हो सकी। सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।
लेन-देन विवाद में ग्रामीण की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम खुरदुर में हुई ग्रामीण की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना 29 जुलाई की रात किराना दुकान के सामने हुई थी, जहां सामान और पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था।
विवाद बढ़ने पर आरोपी निखिल यादव और अंकुश रजक ने सिदेशी बघेल की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल खून से सना डंडा और घटना के समय पहने कपड़े बरामद किए गए हैं।
बिलासपुर एयरपोर्ट को AAI को सौंपने के प्रस्ताव पर विरोध
बिलासपुर। बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट का प्रबंधन, संचालन और विकास एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) को सौंपने के राज्य सरकार के प्रस्ताव पर हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने प्रतिक्रिया दी है।
समिति ने कहा कि एयरपोर्ट के विकास के लिए AAI की भागीदारी जरूरी है, लेकिन राज्य सरकार को अपनी जमीन और मालिकाना हक बरकरार रखना चाहिए। समिति के अनुसार, एयरपोर्ट की करीब 400 एकड़ पुरानी जमीन, 290 एकड़ नई जमीन और मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर को पूरी तरह AAI को सौंपना राज्य हित में नहीं होगा।
समिति ने नागपुर मॉडल की तर्ज पर छत्तीसगढ़ सरकार और AAI के बीच संयुक्त उपक्रम बनाने का सुझाव दिया है। समिति का कहना है कि विकास का विरोध नहीं है, लेकिन राज्य की संपत्ति और भविष्य के राजस्व हितों की सुरक्षा जरूरी है।
लोहे के एंगल से लदा ट्रक पलटा, हेल्पर की मौत
सरगांव। सरगांव-पथरिया मुख्य मार्ग पर ग्राम धरदाई के पास लोहे के एंगल से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक में लदे भारी लोहे के एंगल सड़क पर बिखर गए।
दुर्घटना में चालक घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं हेल्पर ट्रक और लोहे के एंगल के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। भारी वजन के कारण शव निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस और राहत टीम देर रात तक रेस्क्यू अभियान में जुटी रही। हादसे के कारण मार्ग पर कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
मानव श्रृंखला बनाकर उफनते नाले से युवक की बचाई जान
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के बरमकेला क्षेत्र के सहजपाली में स्थानीय लोगों ने मानव श्रृंखला बनाकर एक युवक की जान बचाई। युवक तेज बहाव वाले उफनते नाले को बाइक सहित पार करने की कोशिश कर रहा था।
लगातार बारिश के कारण नाले में पानी पुलिया के ऊपर से बह रहा था। लोगों ने युवक को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। कुछ दूर जाते ही बाइक पानी के तेज बहाव में बहने लगी और युवक भी खतरे में आ गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए ह्यूमन चेन बनाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, हालांकि उसकी बाइक पानी में बह गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोगों ने युवक की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए बारिश के दौरान नदी-नालों को पार नहीं करने की अपील की है।





