July 31, 2026

PM मोदी से मिले CM विष्णु देव साय, बस्तर विकास और 3 बड़ी परियोजनाओं के लिए मांगा केंद्र का सहयोग

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली स्थित संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सौजन्य मुलाकात कर छत्तीसगढ़ के समग्र विकास, बस्तर के कायाकल्प और राज्य की प्रमुख अधोसंरचना एवं औद्योगिक परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने बस्तर के विकास का रोडमैप प्रस्तुत करते हुए केंद्र सरकार से तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए सहयोग का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने राजनांदगांव में प्रस्तावित 10,500 करोड़ रुपये की गैस आधारित यूरिया परियोजना को शीघ्र मंजूरी देने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए भूमि उपलब्ध कराई जा चुकी है और राज्य स्तर की सभी आवश्यक स्वीकृतियां पूरी हो चुकी हैं। इस परियोजना से किसानों को उर्वरक की बेहतर उपलब्धता के साथ प्रदेश में रोजगार और औद्योगिक निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने बस्तर सहित संवेदनशील क्षेत्रों के 461 गांवों को स्थायी विद्युत ग्रिड से जोड़ने के लिए केंद्र से विशेष सहायता मांगी। उन्होंने कहा कि इन गांवों में वर्तमान में ऑफ-ग्रिड माध्यम से बिजली उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि स्थायी बिजली व्यवस्था से शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और आजीविका के नए अवसर विकसित होंगे।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने रायपुर अथवा बस्तर में ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद (AIIA) की स्थापना का प्रस्ताव भी प्रधानमंत्री के समक्ष रखा। उनका कहना था कि इससे जनजातीय क्षेत्रों में आयुर्वेद, चिकित्सा अनुसंधान और औषधीय वनस्पतियों पर आधारित अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुहिम’ के माध्यम से बस्तर संभाग के 5,542 गांवों में विकास कार्य पहुंच रहे हैं, जिससे लगभग 39 लाख लोग लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बंद पड़े 421 स्कूलों को दोबारा शुरू किया गया है तथा ओरछा और जगरगुंडा में नई एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ के तहत अब तक 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है। वहीं सड़क, रेल, बिजली और हवाई संपर्क के विस्तार के जरिए बस्तर को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य तेजी से जारी है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राज्य में मिले करीब 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों, नई औद्योगिक नीति, एआई डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण और अन्य उभरते उद्योगों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि इन निवेशों से युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 10.42 लाख महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं और अगले चरण में 14 लाख और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने वर्ष 2027 में रायपुर में प्रस्तावित ‘लखपति दीदी सम्मेलन’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।

मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से बस्तर के समग्र विकास, कृषि, स्वास्थ्य, ऊर्जा और औद्योगिक परियोजनाओं को नई गति मिलेगी तथा छत्तीसगढ़ को शांति, समृद्धि और विकास के नए मॉडल के रूप में स्थापित किया जा सकेगा।