September 7, 2026

Chhattisgarh Irrigation Projects: सिंचाई योजनाओं के लिए सरकार ने मंजूर किए 30.74 करोड़, नहरों के जीर्णोद्धार और पाइपलाइन निर्माण को मिलेगी गति

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के जल संसाधन विभाग ने राज्य में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सात प्रमुख सिंचाई योजनाओं के लिए कुल 30 करोड़ 74 लाख 39 हजार रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से नहरों के जीर्णोद्धार, रिमॉडलिंग, सीसी लाइनिंग और भूमिगत पाइपलाइन निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे।

बलौदाबाजार-भाटापारा में 9.81 करोड़ के कार्य

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में बलौदा शाखा नहर के वितरक 11 और 12 में रिमॉडलिंग, सीसी लाइनिंग और पक्के निर्माण कार्य के लिए 4.99 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। इससे करीब 339.05 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा सुनिश्चित होगी।

इसी तरह सोंढूर परियोजना के बेन्द्री वितरक नहर की रिमॉडलिंग और सीसी लाइनिंग के लिए 4.82 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। इस कार्य से लगभग 355 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई का लाभ मिलेगा।

रायपुर जिले में नहर और भूमिगत पाइपलाइन के काम

रायपुर जिले के धरसींवा विकासखंड में भाटापारा शाखा नहर के महानदी परियोजना अंतर्गत विभिन्न सुधार कार्यों के लिए 4.20 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

वहीं, मांढ़र शाखा नहर के वितरक 14 में आरडी 2700 मीटर से 3500 मीटर तक नहर को ह्यूम पाइप के माध्यम से भूमिगत करने के लिए 4.90 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं।

सड़क निर्माण और नहर जीर्णोद्धार को भी मंजूरी

मांढ़र ब्रांच केनाल सर्विस रोड में आरडी 31600 मीटर से 32900 मीटर तक डामर सड़क निर्माण के लिए 1.90 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है।

इसके अलावा मांढ़र शाखा नहर के वितरक 8 और माइनर 1 में भूमिगत पाइपलाइन, कंक्रीट एवं मुरमीकरण रोड निर्माण के लिए 4.92 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं।

वहीं, मांढ़र शाखा नहर के वितरक 11, 13, 14 और माइनर्स के महानदी परियोजना समूह अंतर्गत जीर्णोद्धार कार्यों के लिए 4.97 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।

टेल एरिया तक पहुंचेगा पर्याप्त पानी

जल संसाधन विभाग के अनुसार, इन कार्यों से क्षेत्र में जल प्रबंधन व्यवस्था बेहतर होगी। नहरों के सुधार और भूमिगत पाइपलाइन निर्माण से सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी और नहरों के अंतिम छोर यानी टेल एरिया तक किसानों के खेतों में पर्याप्त पानी पहुंचाने में मदद मिलेगी।