रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में सुबह से बादल छाए हुए हैं। गुरुवार को दिन और रात दोनों समय लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी के संकेत भी दिए गए हैं। इसके अलावा 17 मई से मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में ग्रीष्म लहर यानी लू चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में दर्ज हुआ।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी मध्यप्रदेश और उससे लगे क्षेत्रों में समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका दक्षिण-पूर्वी मध्यप्रदेश से दक्षिण-पूर्वी उत्तरप्रदेश और बिहार होते हुए उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तक फैली हुई है। इन सिस्टमों के प्रभाव से प्रदेश में मौसम अस्थिर बना हुआ है, जिसके कारण तेज हवाएं, गरज-चमक, बिजली गिरने और हल्की बारिश की स्थिति बन रही है।
राजधानी रायपुर की बात करें तो आज शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ अंधड़ और हल्की बारिश के संकेत दिए हैं। रायपुर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को अगले तीन घंटों के लिए प्रदेश के कई जिलों में यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजनांदगांव, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज आंधी और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कांकेर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, जशपुर और सूरजपुर समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है।





