June 21, 2026

बलौदाबाजार में शराब कारोबारी के ठिकानों पर ACB-EOW का छापा, वित्तीय रिकॉर्ड और दस्तावेज खंगाले

बलौदाबाजार। जिले में शनिवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब कारोबारी के ठिकानों पर छापेमारी की। टीम ने शहर के कान्हा विहार स्थित कारोबारी अहिंदर के निवास सहित उससे जुड़े अन्य स्थानों पर जांच की। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड जब्त किए हैं।

जानकारी के अनुसार ACB और EOW की टीम सुबह से ही कान्हा विहार पहुंचकर जांच में जुट गई थी। अधिकारियों ने कारोबारी से पूछताछ करने के साथ उसके आय-व्यय, व्यवसायिक गतिविधियों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। दोपहर तक चली कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में काफी हलचल का माहौल रहा।

सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसियों ने कारोबारी के विभिन्न वित्तीय लेनदेन और संपर्कों की विस्तृत पड़ताल की है। इस दौरान कई अहम दस्तावेज, रजिस्टर और अन्य रिकॉर्ड अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच के लिए सुरक्षित किए गए हैं।

बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियां इस कार्रवाई के दौरान प्रदेश के चर्चित शराब घोटाले से जुड़े संभावित संबंधों की भी जांच कर रही हैं। सूत्रों का कहना है कि जब्त दस्तावेजों और रिकॉर्ड के आधार पर कारोबारी के विभिन्न लेनदेन और नेटवर्क की जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले जिले में आबकारी विभाग के एक अधिकारी के खिलाफ भी मामला दर्ज हो चुका है। ऐसे में इस कार्रवाई को शराब घोटाले की जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हालांकि ACB और EOW की ओर से अब तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल जांच एजेंसियां जब्त दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड का विश्लेषण कर रही हैं। सूत्रों के अनुसार जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आने वाले दिनों में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

फिलहाल ACB और EOW की टीम मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी हुई है और संबंधित दस्तावेजों की छानबीन जारी है।