June 19, 2026

कोरिया हत्याकांड पर गरमाई सियासत, दीपक बैज बोले- रेत कारोबार में भाजपाई एक-दूसरे के खून के प्यासे

रायपुर। कोरिया जिले में रेत उत्खनन को लेकर हुए विवाद में भाजपा नेता की हत्या के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Deepak Baij ने घटना को लेकर भाजपा सरकार और सत्तारूढ़ दल के नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि रेत की कालाबाजारी और अवैध कारोबार के कारण भाजपा नेता आपस में ही खूनी संघर्ष पर उतर आए हैं।

रेत विवाद में गई दो लोगों की जान

गौरतलब है कि कोरिया जिले में रेत उत्खनन को लेकर भाजपा नेताओं के बीच विवाद मंगलवार को हिंसक संघर्ष में बदल गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान एक फॉर्च्यूनर वाहन में पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई, जिसमें भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से झुलसे उनके रिश्तेदार वीरू सिंह ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज अंबिकापुर अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मामले में अब तक चार आरोपियों—अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी—को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में रेत का अवैध कारोबार गैंगवार का रूप ले चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के संरक्षण में रेत माफिया बेलगाम हो गए हैं और पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है।

उन्होंने कहा कि कोरिया की घटना बेहद भयावह है, जहां कथित तौर पर एक भाजपा नेता ने दूसरे भाजपा नेता और उसके साथियों को वाहन में बंद कर आग के हवाले कर दिया। बैज ने आरोप लगाया कि सत्ता के संरक्षण में अवैध खनन और रेत कारोबार फल-फूल रहा है।

प्रदेश की अन्य घटनाओं का भी किया जिक्र

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने जांजगीर-चांपा, बलरामपुर, राजनांदगांव, गरियाबंद, बस्तर, बिलासपुर, रायगढ़ और धमतरी में हुई विभिन्न आपराधिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अवैध खनन और रेत कारोबार को लेकर प्रदेश में लगातार हिंसा और अपराध बढ़ रहे हैं।

सरकार से कार्रवाई की मांग

दीपक बैज ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश के कई क्षेत्रों में रेत घाटों पर माफिया राज चल रहा है और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने अवैध खनन और उससे जुड़े अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।