July 30, 2026

दुर्ग में जमीन हड़पने की कोशिश नाकाम, जान से मारने की धमकी देने वाला प्रॉपर्टी डीलर गिरफ्तार

दुर्ग। दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में जमीन पर अवैध कब्जा कर उसे हड़पने की कोशिश करने वाले एक प्रॉपर्टी डीलर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी ने पीड़ित और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर जमीन अपने नाम कराने का दबाव बनाया। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई को प्रार्थी प्रविंदर सिंह चाने ने दुर्ग के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को शिकायत देकर बताया कि प्रॉपर्टी डीलर लाखन सिंह उसकी जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहा है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी ने उसकी पत्नी और बच्चों के सामने हथियार दिखाकर उन्हें डराया-धमकाया तथा जमीन बेचने और अपने नाम कराने का दबाव बनाया।

एसएसपी के निर्देश पर मोहन नगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोपों के संबंध में प्रारंभिक तथ्य सामने आने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी पीड़ित की भूमि पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहा था और परिवार के बीच भय का माहौल बनाकर जमीन हड़पना चाहता था।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी लाखन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।