जगदलपुर। भाजपा सांसद कंगना रनौत की जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं को लेकर की गई टिप्पणी पर छत्तीसगढ़ में राजनीतिक विवाद गहरा गया है। बस्तर के जिला मुख्यालय जगदलपुर में शुक्रवार को महिला कांग्रेस ने कंगना रनौत और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बयान को महिलाओं और युवाओं का अपमान बताते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं और महिलाओं के बारे में की गई कथित टिप्पणी बेहद आपत्तिजनक है और यह जनप्रतिनिधि की गरिमा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने भाजपा पर युवाओं और महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया।
महिला कांग्रेस ने केंद्र सरकार की शिक्षा नीतियों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर भी सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि संबंधित नेताओं ने सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी तो विरोध प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा।
दरअसल, दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान सामने आए कुछ वीडियो में प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मंडी सांसद कंगना रनौत ने प्रदर्शनकारी युवाओं को “गटर जेनरेशन” कहा था। इसी टिप्पणी को लेकर कांग्रेस लगातार विरोध जता रही है।





