June 13, 2026

PM मोदी के 12 साल पूरे: CM साय ने जताया आभार, बोले- नया भारत किसी को छेड़ता नहीं, छेड़ने वालों को छोड़ता भी नहीं

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शनिवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ देश को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि 2014 में देश के केवल 7 राज्यों में भाजपा और एनडीए की सरकार थी, जबकि आज 22 राज्यों में भाजपा और एनडीए शासन कर रहे हैं, जो जनता के विश्वास का प्रमाण है।

साय ने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें 32 करोड़ से अधिक खाते महिलाओं के नाम पर हैं। कोरोना काल से अब तक 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और पीएम आवास योजना जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव लाया है।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में 10 लाख 60 हजार से अधिक परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है। वहीं जल जीवन मिशन के तहत करोड़ों घरों तक नल से जल पहुंचाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण हुआ है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता की स्थिति में बड़ा सुधार आया है।

मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज के उत्थान को मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि राष्ट्रपति पद पर जनजातीय समाज की बेटी Droupadi Murmu का पहुंचना देश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि पीएम जनमन योजना और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना के माध्यम से आदिवासी क्षेत्रों में विकास को गति मिली है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम सिंचाई योजना और ग्राम सड़क योजना के जरिए किसानों और ग्रामीणों को व्यापक लाभ मिला है। पिछले 12 वर्षों में देशभर में चार लाख किलोमीटर से अधिक सड़कें बनाई गई हैं और राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे और हवाई सेवाओं के क्षेत्र में भी अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। रेलवे बजट में कई गुना वृद्धि हुई है और देश में 90 नए हवाई अड्डों का निर्माण किया गया है। जगदलपुर और अंबिकापुर जैसे शहरों को भी हवाई सेवा से जोड़ा गया है।

वहीं केंद्रीय मंत्री Giriraj Singh ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विरासत और विकास दोनों को साथ लेकर चलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। विदेशी निवेश, निर्यात और विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार वृद्धि हुई है।

गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को 32 देशों ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया है, जो वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाता है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार की उपलब्धियां जनता के सामने हैं और देश की जनता लगातार उन पर भरोसा जता रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम किया है। इसी का परिणाम है कि आज भारत वैश्विक मंच पर मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में स्थापित हो रहा है।