May 16, 2026

भारत ने ‘ऑपरेशन रेजपिल’ में पहली बार 182 करोड़ की कैप्टागॉन ड्रग की बड़ी खेप पकड़ी, एक विदेशी गिरफ्तार

नई दिल्ली। ‘नशा-मुक्त भारत’ अभियान के तहत भारत सरकार की एजेंसियों ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पहली बार कैप्टागॉन (जिसे “जिहादी ड्रग” भी कहा जाता है) की खेप जब्त की है। ‘ऑपरेशन रेजपिल’ के तहत की गई इस कार्रवाई में लगभग 182 करोड़ रुपए मूल्य की ड्रग बरामद की गई है और एक विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस कार्रवाई की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा कि यह भारत की नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का स्पष्ट उदाहरण है। उन्होंने बताया कि यह खेप मध्य पूर्व भेजी जानी थी, जिसे समय रहते पकड़ लिया गया।

अमित शाह ने NCB और सुरक्षा एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार देश में प्रवेश करने या बाहर जाने वाले हर प्रकार के नशीले पदार्थों पर सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।

ड्रग की बरामदगी के बाद एजेंसियां इसके पूरे नेटवर्क, सप्लाई चैन और अंतरराष्ट्रीय लिंक की जांच में जुट गई हैं। इसे हाल के वर्षों की सबसे बड़ी सिंथेटिक ड्रग जब्तियों में से एक माना जा रहा है।