गुरु-शिष्य रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला
मुंगेली जिले से गुरु-शिष्य के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। पथरिया थाना क्षेत्र स्थित शासकीय प्राथमिक शाला खपरी के प्रभारी प्रधान पाठक पर 12 वर्षीय छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
छात्रा को अकेले स्कूल बुलाने का आरोप
पीड़िता के पिता राजेंद्र यादव ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि उनकी बेटी कक्षा तीसरी की छात्रा है। आरोप है कि स्कूल के प्रभारी प्रधान पाठक अनुज कुमार धृतलहरे ने फोन कर कहा कि छात्रा के लिए आम लाया गया है और उसे अकेले स्कूल भेजने को कहा।
इसके बाद छात्रा को स्कूल भेजा गया। कुछ देर बाद वह रोते हुए घर लौटी।
छात्रा ने मां को बताई आपबीती
घर पहुंचने पर छात्रा की मां ने उससे पूछताछ की। इस दौरान बच्ची ने बताया कि प्रभारी प्रधान पाठक ने उसके शरीर के संवेदनशील हिस्सों को छुआ और उसके साथ गलत हरकत की।
घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रा के पिता ने गांव के सरपंच पति और ग्रामीणों को मामले से अवगत कराया, जिसके बाद पथरिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
शिकायत के बाद एक्शन में आई पुलिस ने शासकीय प्राथमिक शाला खपरी के प्रभारी प्रधान पाठक अनुज कुमार धृतलहरे के खिलाफ पथरिया थाने में पास्को की धारा में अपराध पंजीबद्ध कर धारा 74 एवं बी एन एस लैंगिक अपराधों से बालको का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 8 के तहत मामला दर्ज किया। वहीं अब उसे जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।





