July 29, 2026

बलौदाबाजार में 12 लाख की ज्वेलर्स लूट का खुलासा, अंतरराज्यीय डकैत गिरोह के 4 हथियारबंद आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार। जिले में ज्वेलर्स से हुई करीब 12 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बलौदाबाजार पुलिस ने अंतरराज्यीय डकैत गिरोह के चार शातिर और हथियारबंद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं, जिनके खिलाफ अलग-अलग राज्यों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत 100 से ज्यादा गंभीर अपराध दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 26 लाख रुपये कीमत का सामान बरामद किया है। जब्त सामान में चांदी के जेवर, नकदी, पिस्तौल, देशी कट्टा, 14 जिंदा कारतूस, तलवार, स्कॉर्पियो वाहन, दो बाइक और पांच मोबाइल फोन शामिल हैं।

हथियारों के दम पर ज्वेलर्स से की थी लूट

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे ग्राम रोहरा निवासी और दीपक ज्वेलर्स के संचालक बलराम सोनी एक्टिवा से तरेंगा से रोहरा जा रहे थे। इसी दौरान रोहरा हाईस्कूल के पास दो बाइक में सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।

आरोपियों ने हमला कर उनका मोबाइल और स्कूटी की चाबी छीन ली। इसके बाद बैग में रखे करीब 13 किलो चांदी और 70 ग्राम सोने के जेवर, जिसकी कीमत लगभग 12 लाख रुपये थी, लेकर फरार हो गए। मामले में भाटापारा ग्रामीण थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

1000 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालकर पहुंची पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तरेंगा, मारो, बेमेतरा, मुंगेली, तखतपुर, बिलासपुर और रतनपुर क्षेत्र के 1000 से अधिक CCTV कैमरों की जांच की।

जांच के दौरान पुलिस ने AI आधारित वीडियो एनालिटिक्स और तकनीकी डेटा का भी इस्तेमाल किया। साइबर सेल की मदद और मुखबिर तंत्र से मिले इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके ठिकानों पर दबिश दी गई और चारों को गिरफ्तार कर लिया गया।

रेकी के बाद वारदात को देते थे अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य वारदात से पहले इलाके की पूरी रेकी करते थे। वे भागने के रास्तों की जानकारी जुटाकर योजना तैयार करते थे। इसके बाद हथियारों के बल पर व्यापारियों को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देते थे।

पुलिस के अनुसार, विरोध करने पर आरोपी जानलेवा हमला करने से भी पीछे नहीं हटते थे और वारदात के बाद बाइक व चारपहिया वाहनों से फरार हो जाते थे।

पहले भी ज्वेलर्स को बना चुके हैं निशाना

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार गिरोह की संलिप्तता इससे पहले भी बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में हुई ज्वेलर्स लूट की घटनाओं में सामने आई है।

  • 4 जुलाई 2022 को रोहरा हाईस्कूल के पास महालक्ष्मी ज्वेलर्स संचालक से लूट।
  • 5 सितंबर 2024 को भाटापारा क्षेत्र में आयुष ज्वेलर्स संचालक से सोने-चांदी के आभूषण लूट।

इन मामलों में भी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें शामिल हैं:

  • बबलू पाण्डेय उर्फ शत्रुहन (48) – चित्रकूट, उत्तर प्रदेश
  • जयदीप गुप्ता (43) – रीवा, मध्य प्रदेश
  • जिआ उल हक (42) – गोंडा, उत्तर प्रदेश
  • गंगासागर पाण्डेय (42) – चित्रकूट, उत्तर प्रदेश

पुलिस का दावा है कि गिरोह ने अब तक करीब 10 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की लूट, डकैती और चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।

अन्य सदस्यों और नेटवर्क की तलाश जारी

चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है। पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों, मददगारों और आपराधिक नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि प्रतिष्ठानों और घरों के बाहर हाई क्वालिटी CCTV कैमरे लगाएं, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें और किरायेदारों का पुलिस सत्यापन जरूर कराएं।