रायपुर। सेवा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश करते हुए राजधानी रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) परिसर में ‘निःशुल्क अन्न सेवा–365 दिन’ अभियान की शुरुआत की गई। इस पहल के तहत अस्पताल में भर्ती मरीजों के साथ रहने वाले जरूरतमंद परिजनों को पूरे वर्ष प्रतिदिन निःशुल्क, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
इस जनहितकारी अभियान का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया। अभियान के संचालन में ‘कुछ फर्ज हमारा भी’ संस्था सहयोगी के रूप में जुड़ी है, जबकि रोटरी क्लब ऑफ रायपुर इन्फिनिटी सहयोगी संस्था और रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मोपॉलिटन समर्थक संस्था के रूप में भागीदारी निभा रहे हैं।
‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ : स्वास्थ्य मंत्री
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्वयं मरीजों के परिजनों को भोजन वितरित कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले कई परिवार आर्थिक और मानसिक परेशानियों से गुजरते हैं। ऐसे समय में भोजन जैसी मूलभूत जरूरत को पूरा करना मानव सेवा का सबसे बड़ा उदाहरण है।
उन्होंने रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मो डिवास की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान केवल भोजन वितरण नहीं, बल्कि मानवता और संवेदनशीलता का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सेवा अभियान वर्षभर जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत और सहारा बनेगा।
जरूरतमंदों की सेवा सबसे बड़ा धर्म : महापौर मीनल चौबे
कार्यक्रम में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि समाज की पहचान ऐसे सेवा कार्यों से होती है। जरूरतमंदों की मदद करना सबसे बड़ा धर्म है और रोटरी क्लब की यह पहल अन्य संस्थाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।
सभी के सहयोग से जारी रहेगा अभियान : नेहा जैन
रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मो डिवास की अध्यक्ष नेहा जैन ने कहा कि अस्पताल में मरीजों के साथ रहने वाले परिजनों को अक्सर भोजन की व्यवस्था के लिए परेशान होना पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए इस अभियान की शुरुआत की गई है।
उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा से मिलने वाली दुआएं ही सबसे बड़ा सम्मान हैं। सभी के सहयोग से यह अभियान 365 दिनों तक ही नहीं, बल्कि आगे भी लगातार जारी रखने का प्रयास रहेगा।
भोजन के साथ मानसिक राहत देने का प्रयास : डॉ. रश्मि दुबे
अभियान की चेयरपर्सन डॉ. रश्मि दुबे ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल भोजन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि अस्पताल में मरीजों के साथ रहने वाले परिजनों की परेशानियों को कम करना भी है।
उन्होंने कहा कि इलाज के दौरान परिजनों को भोजन की चिंता से मुक्त करना उन्हें मानसिक राहत देगा। सेवा भाव से किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाना ही सबसे बड़ी उपलब्धि है।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब के पदाधिकारी, सदस्य, समाजसेवी, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी ने इस अभियान को सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनाओं का उदाहरण बताते हुए इसे आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।





