July 31, 2026

रायगढ़ में बंदरों और हाथियों का आतंक, एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल; सड़क पर लगा जाम

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में इन दिनों बंदरों और हाथियों का आतंक लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। एक ओर चिराईपानी गांव में बंदरों ने एक दर्जन से अधिक लोगों को काटकर घायल कर दिया है, वहीं दूसरी ओर हाथियों के झुंड ने रायगढ़-सुंदरगढ़ तमनार मार्ग पर डेरा डाल दिया, जिससे घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। हालात को देखते हुए वन विभाग ने अलर्ट जारी किया है।

जानकारी के अनुसार, चिराईपानी गांव में बंदर लगातार घरों में घुसकर उत्पात मचा रहे हैं। शुक्रवार सुबह एक महिला समेत दो लोगों को बंदरों ने काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद वन विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। बंदरों के हमलों से गांव में दहशत का माहौल है।

वहीं बंगुरसिया और आसपास के क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक हाथियों का झुंड सक्रिय है। बताया जा रहा है कि झुंड से भटके दो हाथी लगातार उत्पात मचा रहे हैं। देर रात दोनों हाथी रायगढ़-सुंदरगढ़ तमनार मार्ग पर पहुंच गए, जिसके कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया और वाहनों की कतारें लग गईं।

वन विभाग ने लोगों से हाथियों के गुजरने तक सड़क पार नहीं करने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने बताया कि हाथियों के हमले में अब तक दो लोग घायल हुए हैं। एहतियात के तौर पर आधा दर्जन से अधिक गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए है और लोगों से जंगल या हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।